भगवान् श्रीकृष्ण के अवतरण (प्रकट होने ) का कारण

 भगवान् श्रीकृष्ण का अवतरण



भगवान् श्रीकृष्ण के अवतरण (प्रकट होने ) का कारण


एक बार यह संसार ऐसे राजाओं की अनावश्यक सैनिक शक्ति से बोझिल हो गया, जो वास्तव में असुर थे, किन्तु अपने आपको राजा मान रहे थे। तब सारा संसार विक्षुब्ध हो उठा और पृथ्वी की अधिष्ठात्री देवी, जिसे भूमि कहते हैं, इन आसुरी राजाओं से उत्पन्न अपनी विपदाओं को बताने के लिए ब्रह्माजी के पास गई। 


भूमि ने गऊ का रूप धारण किया और वह आँखों में आँसू भर कर ब्रह्मा के समक्ष प्रकट हुई। वह शोकार्त ( दुःख से परेशान )थी और भगवान् की करुणा जगाने के लिए रो रही थी। उसने पृथ्वी की विपदाग्रस्त स्थिति का वर्णन किया। इस वृत्तान्त को सुनकर ब्रह्माजी  अत्यन्त दुखित हुए। वे तुरन्त क्षीर-सागर के लिए चल पड़े जहाँ भगवान् विष्णु निवास करते हैं। 


ब्रह्माजी के साथ शिवजी इत्यादि सारे देवता थे और भूमि भी उनके साथ चल पड़ी । क्षीर-सागर के तट पर आकर ब्रह्माजी भगवान् विष्णु को, जिन्होंने पहले वराह का दिव्य रूप धारण करके पृथ्वी लोक की रक्षा की थी, प्रसन्न करने का उपाय करने लगे। वैदिक मंत्रों में पुरुष-सूक्त नामक एक विशेष प्रकार की प्रार्थना है। सामान्य रूप से देवतागण इसी पुरुष-सूक्त का उच्चारण करके श्रीभगवान् विष्णु को नमस्कार करते हैं। 


यहाँ यह ज्ञातव्य है कि जब भी किसी लोक में कोई उपद्रव होता है, उस लोक का अधिष्ठाता देव इस ब्रह्माण्ड के स्वामी ब्रह्मा के पास जा सकता है और ब्रह्माजी भी परमेश्वर विष्णु के पास जा सकते हैं, किन्तु वे वहीं प्रत्यक्ष दर्शन नहीं, अपितु क्षीर-सागर के तट पर खड़े होकर उनका प्रत्यक्ष दर्शन कर सकते हैं। इस ब्रह्माण्ड के अन्तर्गत श्वेतद्वीप नामक एक लोक है, जिसमें क्षीर-सागर है। 


विविध वैदिक वाङ्मय से ज्ञात होता है कि जिस प्रकार इस लोक में लवण-सागर है, उसी प्रकार अन्य लोकों में भी अनेक प्रकार के तरल सागर हैं। कहीं क्षीर-सागर है, तो कहीं तेल-सागर और कहीं सुरा-सागर तथा अन्य प्रकार के सागर हैं। पुरुष-सूक्त ही वह आदर्श प्रार्थना (स्तुति) है, जिसे देवतागण क्षीरोदकशायी श्रीभगवान् को प्रसन्न करने के लिए पढ़ते हैं। क्षीर-सागर में शयन करने के कारण वे क्षीरोदकशायी विष्णु कहलाते हैं। वे ही श्रीभगवान् हैं जिनसे इस ब्रह्माण्ड के समस्त अवतार प्रकट होते हैं।


जब सभी देवताओं ने श्रीभगवान् की स्तुति पुरुष-सूक्त द्वारा कर ली, तो उन्हें कोई उत्तर नहीं मिला। अत: ब्रह्माजी  ध्यान करने में लग गए और तब भगवान् विष्णु ने उन्हें एक सन्देश भेजा। ब्रह्मा ने इस सन्देश को देवताओं तक प्रेषित कर दिया। वैदिक ज्ञान प्राप्त करने की यही विधि है। यह वैदिक ज्ञान सर्वप्रथम श्रीभगवान् से ब्रह्मा को हृदय के माध्यम से प्राप्त होता है। जैसाकि श्रीमद्भागवत के प्रारम्भ में कहा गया है; तेने ब्रह्म हृदा य आदि कवये-वेदों का दिव्य ज्ञान हृदय  के द्वारा ब्रह्मा तक प्रेषित हुआ। 

किस कारण नारद जी विश्व मोहिनी पर मोहित हुए /कहानी -नारद जी का अहंकार (रामायण कथा के अनुसार)

उसी प्रकार यहाँ भी केवल ब्रह्मा ही भगवान् विष्णु द्वारा प्रेषित सन्देश को समझ पाये और उन्होंने तुरन्त कार्यवाही के लिए देवताओं को प्रसारित कर दिया। यह सन्देश इस प्रकार था। भगवान् शीघ्र ही अपनी परम शक्तियों सहित पृथ्वी पर प्रकट होंगे और जब तक वे पृथ्वी लोक में असुरों के संहार तथा भक्तों के संस्थापन का उद्देश्य पूरा करने के लिए रहेंगे, तब तक देवताओं को भी उनकी सहायता के लिए वहीं रहना होगाउन्हें तुरन्त उस यदुवंश में जन्म ग्रहण करना होगा जिसमें यथासमय भगवान् भी प्रकट होंगे।


भगवान् श्रीकृष्ण स्वयं वसुदेव के पुत्र रूप में प्रकट होंगे। उनके प्रकट होने के पूर्व सारे देवताओं को अपनी-अपनी पत्नियों सहित संसार-भर के विभिन्न पवित्र परिवारों में भगवान् को उनके कार्य में सहायता पहुँचाने के लिए प्रकट होना चाहिए। यहाँ पर तत्प्रियार्थम् शब्द अत्यन्त उपयुक्त है, जिसका अर्थ है कि देवताओं को चाहिए कि भगवान् को प्रसन्न करने के लिए इस पृथ्वी पर प्रकट हों। दूसरे शब्दों में, कोई भी जीव, जो भगवान् को प्रसन्न करने के लिए ही जीवित रहता है, वह देवता है। 


देवताओं को यह जानकारी भी दी गई कि भगवान् कृष्ण के अवतार के पूर्व पृथ्वी पर भगवान् कृष्ण का पूर्ण अंश, अनन्त, प्रकट होगा, जो अपने लाखों फनों से ब्रह्माण्डों को धारण किए हुए है। उन्हें यह भी सूचित किया गया कि विष्णु की बहिरंगा शक्ति (माया) भी, जिससे समस्त बद्धजीव आकृष्ट होते हैं, परमेश्वर के आदेश के अन्तर्गत उनकी प्रयोजन-सिद्धि के लिए प्रकट होगी। समस्त देवताओं तथा भूमि को भी मधुर वचनों से आदेश तथा सान्त्वना देने केपश्चात् समस्त प्रजापतियों के पिता ब्रह्माजी अपने धाम, सर्वोच्च लोक ब्रह्मलोक,को चले गये।


यदुवंश का नायक राजा शूरसेन माथुरा प्रदेश (जिसमें मथुरा नगर आता है) तथा साथ ही शूरसेन नामक जनपद पर जिसका नाम उन्हीं के नाम पर रखा गया राजाओं की राजधानी बन गयी। मथुरा इसलिए भी राजधानी बनी क्योंकि यदुओं का परिवार अत्यन्त पवित्र था और वे जानते थे कि मथुरा ही ऐसा स्थान है जहाँ द्वारका के ही समान श्रीकृष्ण का नित्य वास रहता है।


एक बार शूरसेन के पुत्र वसुदेव देवकी को ब्याह कर अपनी नवपरिणीता पत्नी के साथ रथ पर चढ़कर अपने घर जा रहे थे। देवकी के पिता, देवक, ने प्रचुर दहेज दिया था, क्योंकि वह अपनी पुत्री को अत्यधिक चाहता था। उसने सैकड़ों रथ दिये थे, जो पूर्णतया स्वर्णमण्डित थे। उस समय उग्रसेन का पुत्र कंस अपनी बहन देवकी को प्रसन्न करने के लिए वसुदेव के रथ के घोड़ों की रास स्वेच्छा से अपने हाथ में लेकर हाँकने लगा था।


वैदिक सभ्यता की प्रथानुसार जब कन्या का ब्याह होता है, तो उसका भाई अपनी बहन तथा अपने बहनोई को उनके घर ले जाता है। नवविवाहिता कन्या को अपने पिता के परिवार का विछोह न खले, इसलिए भाई उसके साथ तब तक जाता है जब तक वह अपनी ससुराल न पहुँच जाये। देवक ने जो पूरा दहेज दिया था वह इस प्रकार था: स्वर्णहारों से मण्डित ४००(400 ) हाथी, १५,००० (15000 )सुसज्जित घोड़े तथा १,८०० (1800 ) रथ। उसने अपनी पुत्री के साथ जाने के लिए २०० (200 ) सुन्दर बालिकाएँ भी भेजने की व्यवस्था की थी।


क्षत्रियों की विवाह-प्रणाली, जो भारत में अब भी प्रचलित है, बताती है कि जब क्षत्रिय का विवाह हो, तो दुलहिन के अतिरिक्त उस की कुछ दर्जन तरुण सहेलियाँ भी राजा के घर जाँये। रानी की अनुचरियाँ दासी कहलाती हैं, किन्तु वास्तव में वे रानीकी सहेलियों की तरह कार्य करती हैं। यह प्रथा अनादि काल से प्रचलित है और कम से कम ५००० (5000 ) वर्ष पूर्व भगवान् कृष्ण के अवतार के भी पहले से खोजी जा सकती है। 

श्रीमद भगवद-गीता के तीसरे अध्याय का माहात्म्य। जब एक भूत गया बैकुंठ

इस प्रकार वसुदेव अपनी पत्नी देवकी के साथ दो सौ सुन्दर कन्याएँ भी लेते आये। जब दूल्हा तथा दुलहन रथ में जा रहे थे, तो इस शुभ मुहूर्त की जानकारी देने के लिए अनेक प्रकार के बाजे बज रहे थे। शंख, बिगुल, ढोल तथा मृदंग एकसाथ मिलकर मधुर संगीत (समूह वादन) की ध्वनि उत्पन्न कर रहे थे। जुलूस अत्यन्त मनोहर ढंग से निकल रहा था और कंस रथ को हाँक रहा था। तभी आकाश से अचानक एक आश्चर्यजनक ध्वनि गूँजी जिसने विशेष रूप से कंस को उद्बोधित किया, "हे कंस! तुम कितने मूर्ख हो! तुम अपनी बहन तथा बहनोई का रथ हाँक रहे हो, किन्तु तुम यह नहीं जान रहे कि तुम्हारी इसी बहन की आठवीं सन्तान तुम्हारा वध करेगी।"


कंस भोजवंशी उग्रसेन का पुत्र था। कहा जाता है कि कंस समस्त भोजवंशी राजाओं में से सर्वाधिक आसुरी था। आकाशवाणी सुनते ही उसने देवकी के केश पकड़ लिए और उसे अपनी तलवार से मारना चाहा। वसुदेव को कंस के इस दुर्व्यवहार पर आश्चर्य हुआ, अतः वे अपने इस क्रूर, निर्लज्ज साले को शान्त करने के उद्देश्य से अत्यन्त तर्क तथा प्रमाण सहित इस प्रकार बोले, "हे मेरे प्रिय साले,कंस! तुम भोजवंश के सर्वाधिक प्रसिद्ध राजा हो और लोग तुम्हे महानतम योद्धा तथा पराक्रमी के रूप में जानते हैं। आखिर, तुम इतने क्रुद्ध क्यों हो गये कि अपनी बहन को उसके विवाह के शुभ अवसर पर मारने के लिए उद्यत हो गए हो? 


तुम अपनी मृत्यु से इतने भयभीत क्यों हो? मृत्यु तुम्हारे जन्म के साथ ही उत्पन्न हो चुकी है। जिस दिन तुमने जन्म ग्रहण किया, उसी दिन से तुम्हारी मृत्यु प्रारम्भ हो गई है। मान लो कि तुम २५ वर्ष के हो। इसका अर्थ यह हुआ कि तुम पहले ही २५ वर्ष मर चुके हो। तुम हर पल, हर क्षण मर रहे हो। तो फिर मृत्यु से इतना क्यों डर रहे हो? अन्ततः मृत्यु अवश्यम्भावी है। तुम चाहे आज मरो या १०० (100 )वर्ष बाद, तुम मृत्यु से बच नहीं सकते। तो फिर मृत्यु से इतना क्यों डरते हो? 


वस्तुतः मृत्यु का अर्थ है इस वर्तमान शरीर का विनाश। जैसे ही यह वर्तमान शरीर कार्य करना बन्द कर देता है और भौतिक प्रकृति के पंच तत्त्वों में मिल जाता है, तो शरीर के भीतर की आत्मा शरीर के वर्तमान कर्मों तथा उनके फल के अनुसार दूसरा शरीर ग्रहण करती है। यह मनुष्य के सड़क पर चलने के समान है-मनुष्य अपना पाँव आगे बढ़ाता है और ज्योंही उसे विश्वास हो जाता है कि उसका पाँव ठोस भूमि पर पड़ा है, तो वह दूसरा पाँव उठाता है। 


इसी प्रकार यह शरीर भी एक के बाद दूसरे शरीर में बदलता रहता है और आत्मा देहान्तर करती रहती है। देखो न! कितनी सतर्कता से पौधे का कीड़ा एक टहनी से दूसरे में जाता है। इसी प्रकार जब उच्च अधिकारी यह निर्णय लेते हैं कि अगला शरीर कैसा हो, तो जीव अपना शरीर बदल देता है।जब तक जीव इस भौतिक संसार में बद्ध रहता है, तब तक उसे एक के बाद दूसरा भौतिक शरीर ग्रहण करना होगा। उसे अगला शरीर उसके इस जीवन के कर्मों तथा उनके फलों के अनुसार प्रकृति के नियमों द्वारा प्रदत्त होता है।


"यह शरीर स्वप्नों में देखे जाने वाले शरीरों में से किसी एक के ही समान होता है। सोते समय स्वप्न में हम अपनी मानसिक सृष्टि के अनुसार अनेक शरीरों की रचना करते रहते है। हमने वास्तविक जीवन में अनेक प्रकार के स्वर्ण और पर्वत देखे है और देख कर उनके बारे कुछ सोचने लगते है ,अतः स्वप्न में हम इन दोनों विचारो को मिलाकर एक स्वर्णिम पर्वत देख सकते है। इसी कभी -कभी सपने हम अपने शरीर को उड़ता हुआ देखते है और उस समय हम अपने वर्तमान शरीर को बिलकुल भूल जाते है। 


इसी प्रकार ये शरीर बदलते रहते है। जब तुम्हे कोई शरीर मिलता है ,तो तुम विगत शरीर को भूल जाते है। स्वप्न में हम न जाने कितने प्रकार के शरीरों के साथ संपर्क कर सकते है। किन्तु जगने पर हम उन सबको भूल जाते है।  ये भौतिक शरीर वास्तव में हमारी मानसिकक्रियाशीलता की रचनाएँ है। लेकिन इस समय हम अपने विगत शरीर का स्मरण नहीं कर पाते। 

क्यों है बांके बिहारी जी काले रंग के ?/निधिवन की सम्पूर्ण जानकारी (हरिदास जी की अचल भक्ति)निधिवन की एक प्रचलित सत्य घटना

मन बड़ा ही चंचल है। कभी यह कुछ स्वीकार करता है और तुरन्त उसी वस्तु को अस्वीकार कर देता है। इन्द्रिय-तृप्ति के पाँच विषयों-रूप, रस, गंध, शब्द तथा स्पर्श-के सम्पर्क से ही मन स्वीकार और अस्वीकार करता रहता है। चिन्तनशील विधि द्वारा मन इन्द्रियतृप्ति के विषयों के सम्पर्क में आता है और जीव इच्छानुसार विशेष प्रकार का शरीर प्राप्त करता है। इस प्रकार शरीर भौतिक प्रकृति के नियमों द्वारा प्रदत्त एक उपहार है। 


जीव शरीर ग्रहण करके अपने शरीर की रचना के अनुसार इस जगत में सुख भोगने या दुख सहने के लिए फिर से आता है। किसी विशेष शरीर के बिना हम विगत जीवन से प्राप्त मानसिक दशा के अनुसार सुख या दुख का अनुभव नहीं कर सकते। हमें विशेष प्रकार का जो शरीर मिलता है, वह मृत्यु के समय हमारी मानसिक दशा के अनुसार ही मिलता है।


"सूर्य, चन्द्र या नक्षत्र जैसे प्रकाशमान् लोकों का प्रतिबिम्ब जल, तेल या घी जैसे विभिन्न प्रकार के आगारों में पड़ता है। यह प्रतिबिम्ब पात्र की गति के ही अनुसार हिलता-डुलता है। चन्द्रमा का प्रतिबिम्ब जल पर पड़ता है और जल के हिलने से चन्द्रमा भी हिलता प्रतीत होता है। लेकिन वास्तव में चन्द्रमा हिलता नहीं। इसी प्रकार मानसिक कल्पना (मनोधर्म) से जीव विभिन्न प्रकार के शरीर ग्रहण करता है, यद्यपि उसका इन शरीरों से कोई सम्बन्ध नहीं होता। किन्तु माया के प्रभाव से मोहित होने के कारण जीव सोचता है कि उसका सम्बन्ध एक विशेष प्रकार के शरीर से है। 


बद्धजीवों की यही जीवन-शैली है। मान लो कि कोई जीव इस समय मनुष्य-शरीर को प्राप्त है। वह सोचता है कि वह किसी मानव-समुदाय या किसी विशेष देश या विशिष्ट स्थान से सम्बन्धित है। वह अपनी पहचान उसी रूप में करता है और व्यर्थ ही दूसरे शरीर की तैयारी में जुट जाता है, जिसकी आवश्यकता नहीं रहती। ऐसी इच्छाएँ तथा मानसिक कल्पनाएँ विभिन्न प्रकार के भौतिक प्रकृति का आच्छादक प्रभाव इतना प्रबल होता है। कि जीव को जैसा भी शरीर मिलता है, वह उसी में प्रसन्न रहता है और अत्यन्त प्रसन्नतापूर्वक उस शरीर से अपनी पहचान करने लगता है। अतः मेरी प्रार्थना है कि तुम अपने मन तथा शरीर के आदेशों से अभिभूत न होओ।"


इस तरह वसुदेव ने कंस से प्रार्थना की कि वह अपनी नवविवाहिता बहन से द्वेष न करे। किसी को भी दूसरे से द्वेष नहीं करना चाहिए, क्योंकि द्वेष ही इस लोक में तथा परलोक में, जब वह यमराज (मृत्यु के पश्चात् दण्ड देने वाला राजा) के समक्ष होगा, भय का कारण बनता है। वसुदेव ने देवकी की ओर से कंस से अनुनय-विनय की कि वह उसकी छोटी बहन है। उन्होंने विवाह की शुभ घड़ी का स्मरण करा कर भी अनुरोध किया। छोटी बहन या भाई की रक्षा अपनी सन्तान की ही तरह की जानी चाहिए। वसुदेव ने तर्क किया, "कुल मिलाकर स्थिति अत्यन्त  गम्भीर है कि यदि तुम उसे मारते हो, तो इससे तुम्हारे यश की हानि होगी।"


इस प्रकार वसुदेव ने सदुपदेश द्वारा तथा दार्शनिक तर्क-वितर्क द्वारा कंस को शान्त करने का प्रयास किया, किन्तु वह शान्त नहीं हुआ क्योंकि उसकी संगति असुरों से  थी। अपनी आसुरी संगति के कारण राजसी उच्च कुल में जन्म लेकर भी वह असुर बना रहा। असुर कभी किसी सदुपदेश की परवाह नहीं करता। वह प्रतिबद्ध चोर की तरह होता है। भले ही कोई कितना ही नैतिक उपदेश क्यों न दे, उस पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता। इस प्रकार जो लोग स्वभाव से आसुरी या नास्तिक होते हैं, वे मुश्किल से किसी सदुपदेश को ग्रहण कर पाते है। चाहे उपदेश कितना ही  प्रामाणिक क्यों न हो।

क्या होता है शुद्ध भाव ? शुद्ध भाव की पहचान

देवता में तथा असुर में यही अन्तर है। जो लोग सदुपदेश ग्रहण करके उसके अनुसार जीवन बिताने का प्रयास करते हैं, वे देवता कहलाते हैं और जो ऐसे सदुपदेश को ग्रहण करने में अक्षम होते हैं, वे असुर कहलाते हैं।  जब वसुदेव कंस को शांत करने में असफल रहे, तो वे असमंजस में पड़ गए कि वे अपनी पत्नी देवकी की किस तरह रक्षा करें। संकट आसन्न होने पर बुद्धिमान व्यक्ति को चाहिए कि यथासम्भव इस संकटमय स्थिति से बचने का प्रयास करे, किन्तु यदि सारी बुद्धि लगाने पर भी वह विकट स्थिति को टालने में असफल रहे, तो यह उसका दोष नहीं है। मनुष्य को चाहिए कि जहाँ तक हो सके अपना कर्तव्य निभाए, किन्तु यदि उसका प्रयास विफल रहे, तो इसमें उसका दोष नहीं है।


वसुदेव अपनी पत्नी के विषय में इस तरह सोचने लगे, "इस समय तो मैं देवकी के प्राणों की रक्षा करूंगा; तत्पश्चात् यदि हमारे सन्ताने हुईं, तो उन्हें बचाने का उपाय सोचूँगा।" उन्होंने आगे सोचा, “यदि भविष्य में मेरे कोई सन्तान होती है, जो कंस को मार सके-जैसाकि कंस सोचता है तो देवकी तथा वह सन्तान दोनों ही बच जाएँगे, क्योंकि विधि का विधान अचिन्त्य है। किन्तु इस समय तो किसी तरह मुझे देवकी के प्राणों की रक्षा करनी ही है।"


इसका कोई भरोसा नहीं कि जीव किस तरह किसी विशेष प्रकार के शरीर से सम्पर्क करे, ठीक वैसे ही जैसे कि दहकती अग्नि का कोई भरोसा नहीं कि जंगल में वह किस प्रकार एक विशेष प्रकार के काष्ठ (लकड़ी ) के सम्पर्क में आती है। जब जंगल मेंअग्नि (दावाग्नि) लगती है, तो यह देखा जाता है कि दहकती अग्नि वायु के प्रभाव से एक वृक्ष को फलाँग कर दूसरे को चपेट में ले लेती है। 


इसी तरह जीव अपने कर्तव्यों का पालन करने में चाहे कितना ही सतर्क क्यों न रहे, तो भी उसके लिए यह जान पाना अत्यन्त कठिन होता है कि अगले जीवन में उसे कैसा शरीर प्राप्त होने वाला है। महाराज भरत आत्म - साक्षात्कार सम्बन्धी अपना कर्तव्य अत्यन्त श्रद्धापूर्वक निभा रहे थे, किन्तु संयोगवश उन्हें एक मृग के प्रति क्षणिक अनुराग (थोड़ा प्रेम ,मोह ) उत्पन्न हो गया, जिससे उन्हें अगले जन्म में मृग का शरीर धारण करना पड़ा।


अपनी पत्नी की रक्षा का उपाय सोचकर वसुदेव अत्यन्त पापी कंस से ससम्मान बोले। कभी-कभी ऐसा होता है कि वसुदेव जैसे पुरुष को कंस जैसे परम पापी व्यक्ति की चाटुकारिता करनी पड़ती है। कूटनीतिक व्यापार ऐसे ही चलता है। यद्यपि वसुदेव अत्यधिक खिन्न (दुःखी )थे, किन्तु ऊपर से वे मुसकराने लगे। कंस अति निर्दय था इसलिए उन्होंने इस निर्लज्ज को इस प्रकार सम्बोधित किया: “हे मेरे प्रिय कंस! तुम यह मान लो कि तुम्हें अपनी बहन से कोई खतरा नहीं है। तुम्हें खतरे की आशंका इसलिए है, क्योंकि तुमने आकाशवाणी सुनी है। किन्तु यह खतरा तो तुम्हारी बहन के पुत्रों से आना है, जो इस समय यहाँ उपस्थित नहीं हैं और कौन जानता है कि भविष्य में पुत्र हों या नहीं? इस विचार से तुम अभी सुरक्षित हो।न ही तुम्हें अपनी बहन से डरने का कोई कारण है।


यदि उसके पुत्र उत्पन्न होते हैं, तो मैं वचन देता हूँ कि मैं उन सबों को लाकर आवश्यक कार्यवाही के लिए तुम्हारे समक्ष प्रस्तुत करता रहूँगा।” कंस वसुदेव के वचनों के महत्त्व को जानता था, और वह उनके तर्क से आश्वस्त हो गया। फलतः उस समय वह अपनी बहन के जघन्य वध से विरत हो गया। इस प्रकार वसुदेव प्रसन्न हुए और उन्होंने कंस के निर्णय की प्रशंसा की तथा अपने घर लौट आये।


तत्पश्चात् देवकी के प्रति वर्ष एक सतान हुई। समय आने पर देवकी ने आठ पुत्री तथा एक कन्या को जन्म दिया। जब पहला पुत्र उत्पन्न हुआ, तो वसुदेव अपने वचन के अनुसार उसे कंस के पास तुरन्त ले आये। कहा जाता है कि वसुदेव अपने वचन के लिए अत्यन्त विख्यात थे, और वे अपना यश बनाये रखना चाहते थे। यद्यपि नवजात पुत्र को कंस  के हाथों में सौंपना वसुदेव के लिए अत्यन्त कष्टप्रद था, किन्तु इससे कंस अत्यन्त प्रसन्न हुआ। वह वसुदेव के आचरण से कुछ कुछ दयार्द्र हो उठा।


यह अत्यन्त आदर्श घटना है। वसुदेव जैसे महात्मा के लिए अपना कर्तव्य पालन करते हुए कुछ भी कष्ट नहीं होता। वसुदेव-जैसा विद्वान पुरुष बिना हिचक के अपना कर्तव्य- पालन करता है, जबकि कंस-जैसा असुर कोई भी घृणित कर्म करने में कभी हिचकता नहीं। इसलिए कहा गया है कि साधु पुरुष सभी  प्रकार का कष्टमय जीवन सहन कर सकता है, विद्वान पुरुष अनुकूल परिस्थितियों की प्रतीक्षा किए बिना अपना कार्य कर सकता है, कंस जैसा नृशस व्यक्ति कोई भी पाप कर सकता है और एक भक्त भगवान् को प्रसन्न करने के लिए सब कुछ न्यौछावर कर सकता है।


वसुदेव के व्यवहार से कंस संतुष्ट हो गया। वह यह देखकर आश्चर्यचकित था कि वसुदेव ने अपने वचन का पालन किया, अतः उन पर दयालु तथा प्रसन्न होकर इस प्रकार बोलने लगा, “हे वसुदेव! इस पुत्र को मुझे भेंट करने की कोई आवश्यकता नहीं है। मुझे इस पुत्र से कोई खतरा नहीं है। मैंने सुना है कि तुम्हारा तथा देवकी का आठवाँ पुत्र मुझे मारेगा। तो फिर मैं इस पुत्र को व्यर्थ ही क्यों स्वीकार करूँ? तुम इसे वापस ले जा सकते हो।”


जब वसुदेव अपने प्रथम पुत्र को लेकर घर लौट रहे थे, तो यद्यपि वे कंस के व्यवहार से प्रसन्न थे, तथापि उन्हें उस पर विश्वास नहीं हो रहा था, क्योंकि वे जानते थे कि कंस किसी के वश में नहीं है। एक नास्तिक पुरुष कभी भी अपने वचन का पक्का नहीं हो सकता। जो व्यक्ति अपनी इन्द्रियों को वश में नहीं रख सकता वह अपने संकल्प में किस प्रकार दृढ़ हो सकता है ? महान्  राजनीतिज्ञ चाणक्य पंडित ने कहा है, ‘“कभी-भी किसी कूटनीतिज्ञ या स्त्री पर विश्वास न करना।" जो लोग अनियंत्रित इन्द्रियतृप्ति में आसक्त हैं, वे कभी-भी सत्यनिष्ठ नहीं हो सकते, न कभी उन पर विश्वास किया जा सकता है।

"कृष्ण कौन हैं? कृष्ण के साथ यह किशोरी कौन है?

उस समय कंस के पास महर्षि नारद आये। उनको जानकारी मिली कि कंस ने वसुदेव पर दयाई होकर पहले नवजात शिशु को लौटा दिया है। नारद अत्यधिक उत्सुक थे कि जितनी जल्दी हो सके भगवान् कृष्ण अवतार लें। अतः उन्होंने कंस को सूचित किया कि एक ओर वृन्दावन में नन्द महाराज जैसे महापुरुष तथा ग्वाल, एवं ग्वालों की पत्नियाँ और दूसरी ओर वसुदेव, उनके पिता शूरसेन तथा यदुवंशी में उत्पन्न उनके सारे सम्बन्धी तथा उनके मित्र एवं शुभचिन्तक सभी वास्तव में देवता है। 


नारद ने कंस को आगाह किया कि वह उन सब से सावधान रहे क्योंकि कंस तथा उसके सारे मित्र एवं सलाह देने वाले सभी असूर थे। असुरगण सदैव देवताओं से भयभीत रहते हैं। इस प्रकार नारद से विभिन्न परिवारों में देवताओं के प्रकट होने की जानकारी प्राप्त करके कंस तुरन्त चौकन्ना हो गया।वह समझ गया कि चूँकि देवता अब प्रकट हो चुके हैं, अत: भगवान् विष्णु का भी शीघ्र ही आगमन होगा। उसने तुरन्त अपने बहनोई वसुदेव तथा बहन देवकी को बन्दी बना लिया और उन्हें कारागार में डाल दिया।


वसुदेव तथा देवकी लोहे की साँकले पहने कारागार में प्रतिवर्ष एक पुत्र को जन्म देते रहे और कंस प्रत्येक बालक को विष्णु का अवतार समझ कर एक एक करके मारता रहा। वह आठवें पुत्र से विशेष रूप से भयभीत था, किन्तु नारद के आने के पश्चात् वह इस निष्कर्ष पर पहुँचा कि कोई भी बालक कृष्ण हो सकता है। अतः वसुदेव तथा देवकी से उत्पन्न सभी सन्तानों को मारना ही श्रेयस्कर (अच्छा ,सही ) होगा। कंस के इस व्यवहार को समझ पाना बहुत कठिन नहीं है। 


संसार के इतिहास में ऐसे अनेक उदाहरण प्राप्त हैं जब राज परिवार के लोगों ने अपनी अभिलाषा की पूर्ति के लिए अपने पिता, भाई या सारे परिवार तथा मित्रों का वध किया है। इसमें कुछ भी आश्चर्यजनक न था, क्योंकि आसुरी वृत्ति वाले राज परिवार के लोभी लोग अपनी निंद्य अभिलाषाओं के लिए किसी का भी वध कर सकते हैं।

कृष्ण भूमिका (विष्णु जी क्षत्रिय कुल में ही क्यों प्रकट होते हैं)

नारद की कृपा से कंस अपने पूर्व जन्म से अवगत हुआ। उसे पता चला कि वह पूर्व जन्म में कालनेमि नामक असुर था, जिसका वध विष्णु द्वारा हुआ था।उसने भोज परिवार में जन्म लेकर यह निश्चय किया था कि वह यदुवंश का घोर शत्रु बनेगा। चूँकि कृष्ण उसी परिवार में जन्म लेने जा रहे थे, अतः कंस अत्यधिक भयभीत था कि वह पूर्वजन्म की ही भाँति कृष्ण के हाथों मारा जाएगा।सर्वप्रथम उसने अपने पिता उग्रसेन को बन्दी बना लिया, क्योंकि वह यदु,भोज तथा अंधक वंशों का प्रमुख राजा था। उसने वसुदेव के पिता शूरसेन के राज्य पर भी अधिकार जमा लिया औरअपने आपको इन समस्त देशों का राजा घोषित कर दिया।

प्रिय पाठकों -इस कथा में आपने भगवान् श्रीकृष्ण के अवतरण यानी प्रकट होने के कारण को जाना ” विश्व ज्ञान में अगली कथा के साथ फिर मुलाकात होगी।  तब तक के लिए जय श्री राधे कृष्णा 

अगली पोस्ट है - देवताओं द्वारा गर्भस्थ भगवान् कृष्ण की स्तुति 

Previous Post Next Post